Ranchi: हरमू व पुंदाग में दो महिलाओं से 4.25 लाख रुपए की चेन छिनतई
–स्कूल बस में बच्चों को छोड़ने व लेने गई दो महिलाओं को बाइक सवार दो स्नैचरों ने बनाया शिकार, अरगोड़ा थाना व पुंदाग ओपी में केस दर्ज
राँची।एक ओर सोने का भाव लगातार बढ़ता जा रहा है वहीं दूसरी ओर महिलाओं से चेन छिनतई की घटनाएं एक बार फिर बढ़ गई है। हरमू व पुंदाग में दो महिलाओं से बाइक सवार दो स्नैचरों ने करीब 4.25 लाख रुपए मूल्य का दो चेन छिनतई कर फरार हो गए। पहली घटना हरमू के साकेत बिहार हरमू कॉलोनी में हुई। बीणा कुमारी अपने घर से सुबह सात बजे अपने बेटे को स्कूल छोड़ने के बाद घर की ओर जा रही थी। वह अपने घर के पास पहुंच ही गई थी। तभी बाइक से दो युवक उनके पीछे से करीब आए। उनके गले से उनका सोने का चेन छिन लिया जिसका वजन 20 ग्राम था। फिर भाग निकले। बीणा देवी ने उनका पीछा भी किया। लेकिन वे इतनी तेजी से मनोकामना मंदिर होते हुए भागे की वह उनके बाइक का नंबर जेएच021638 लिखा हुआ ही देख सकी। बीणा देवी ने पुलिस को बताया कि उन दोनों युवकों ने कुछ देर पहले उनकी पहले रेकी की। इसके बाद उनके करीब आकर गले से चेन छिना।
वहीं दूसरी घटना पुंदाग के श्याम बिहार अपार्टमेंट के पास हुई। इस्पात रेसीडेंसी में रहने वाली संगीता झा अपनी बच्ची को सुबह स्कूल बस के लिए लाने के लिए दिन के 3.03 बजे अपार्टमेंट के सामने बस स्टॉपेज के पास गई हुई थी। उसी दौरान बाइक से उनके पीछे से दो युवक आए और उनके गले से सोने का चेन छिन लिया। जिसका वजन 18 ग्राम था। फिर तेजी से अरगोड़ा की ओर भाग निकले। छिनतई के मामले में एक मामला अरगोड़ा थाना में वहीं दूसरा पुंदाग ओपी में दर्ज कराया गया है।

