हजारीबाग में भीषण सड़क हादसा, 3 लोगों की मौत,तेज रफ्तार बोलेरो ने पैदल चल रहे ग्रामीणों को टक्कर मार दी…

हजारीबाग।झारखण्ड के हज़ारीबाग जिले के दारू थाना क्षेत्र अंतर्गत झुमरा-मेढ़कुरी मुख्य मार्ग पर गुरुवार को दर्दनाक सड़क दुर्घटना में तीन ग्रामीणों की जान चली गई।हादसा उस वक्त हुआ जब तीन ग्रामीण अपने मवेशियों के साथ सड़क किनारे जा रहे थे।इसी दौरान पीछे से आ रही तेज रफ्तार बोलेरो ने तीनों को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे दो लोगों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई,जबकि एक घायल की मौत अस्पताल ले जाते समय रास्ते में हो गई।

मृतकों की पहचान मेढ़कुरी पंचायत के अमली गांव निवासी बासुदेव यादव (60 वर्ष), घाघरा गांव के रामसेवक मेहता (50 वर्ष) और तुलसी मेहता के रूप में हुई है। स्थानीय लोगों के अनुसार तीनों अपने मवेशियों को लेकर झुमरा की ओर जा रहे थे। रास्ते में सेवाने नदी के पास यह हादसा हुआ।

बोलेरो की टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि रामसेवक और तुलसी मेहता की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल बासुदेव यादव को ग्रामीणों ने तुरंत इलाज के लिए अस्पताल भेजने का प्रयास किया,लेकिन उन्होंने रास्ते में ही दम तोड़ दिया।

घटना के बाद इलाके में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। स्थानीय ग्रामीण बड़ी संख्या में घटनास्थल पर जुट गए और हादसे को लेकर आक्रोश व्यक्त किया।सूचना मिलने के बाद दारू थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल, हजारीबाग भेज दिया।

पुलिस ने बोलेरो वाहन को जब्त कर लिया है, लेकिन हादसे के बाद से चालक फरार है।उसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। पुलिस ने इस मामले में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

दारू थाना प्रभारी सफीक खान घटना की पुष्टि की है।बताया कि सड़क दुर्घटना में तीन की मौत हुई है, यह दुखद घटना है। शव पोस्टमार्टम के लिए शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया गया है।वहीं जिस गाड़ी से दुर्घटना हुई थी उसे जब्त कर लिया गया है। ड्राइवर की तलाश की जा रही है।

error: Content is protected !!