साहिबगंज:व्यवसायी संजीव हत्याकांड के 3 आरोपी गिरफ्तार, मास्टरमाइंड की तलाश जारी…
साहिबगंज।झारखण्ड के साहिबगंज शहर के चैती दुर्गा मंदिर के नजदीक 4 मई को जीएस इलेक्ट्रॉनिक्स दुकान में घुसकर संचालक संजीव गुप्ता की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी।पुलिस ने हत्याकांड में शामिल तीन अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया है। इस कांड में 7 लोग शामिल थे।बचे हुए आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।
इस मामले में एसपी अमित कुमार सिंह ने प्रेसवार्ता कर घटना की जानकारी दी।उन्होंने बताया कि संजीव गुप्ता की हत्या जमीन विवाद को लेकर हुई थी। इस कांड का मुख्य आरोपी पंकज मंडल है, जिसकी तलाश जारी है। मामले में सात आरोपियों के नाम आए हैं। जिसमें से शूटर को गिरफ्तार कर लिया गया है।
बताया कि शूटर को पैसे का प्रलोभन देकर हत्या करवाई गई, जिसे दियारा से गिरफ्तार किया गया और उसके पास से भारी मात्रा में गोली और पिस्टल बरामद किया गया है। गिरफ्तार तीनों आरोपी जिरवा बाड़ी थाना क्षेत्र के रहने वाले हैं।आरोपियों में मनीष कुमार मंडल छोटा लोहंडा का रहने वाला है, दूसरा कुश कुमार मंडल और तीसरा विनोद कुमार तांती दोनों प्रेम नगर का रहने वाला है।इन सभी का आपराधिक इतिहास रहा है। सभी का मेडिकल करवाकर मंडल कारा भेज दिया जाएगा।
गौरतलब है कि रविवार को शाम करीब 7:45 बजे जीएस दुकान में दो नकाबपोश पहुंचे थे। दुकानदार संजीव गुप्ता को पंखा दिखाने को कहा।पंखा दिखाने के बहाने संचालक को व्यस्त कर दिया और नकाबपोश ने नजदीक से गोली मार दी और भाग गए।
इस बीच संचालक एक झटके से उठकर उनको पकड़ने के लिए दुकान से बाहर आया और चौखट पर गिरा गया।खून का बहाव काफी हो गया था। अस्पताल ले जाते समय रास्ते में संजीव गुप्ता की मौत हो गई।
सोमवार को शहर के सारे दुकानदारों ने अपने प्रतिष्ठान विरोध में बंद रखे।पुलिस की एसआईटी गठित हुई और मंगलवार की शाम तक अपराधियों को पकड़ लिया गया। मृतक संजीव गुप्ता के पिता रेलवे लोको पायलट थे। सेवानिवृत होने के बाद तीन साल पहले उनकी मौत हो गई थी।भाई में संजीव अकेले थे। संजीव के दो छोटे बच्चे हैं।