देवघर में एसीबी के हत्थे चढ़ा 2 ‘घुसखोर’ सरकारी बाबू, मुआवजा दिलाने के नाम पर ले रहे थे घूस..
देवघर।झारखण्ड के देवघर समाहरणालय परिसर स्थित जिला भू-अर्जन कार्यालय में शुक्रवार दोपहर भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो,दुमका की टीम ने छापेमारी कर दो कर्मचारियों को रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया।यह कार्रवाई दुमका एसीबी के डीएसपी मोनू टुडू के नेतृत्व में की गयी।
एसीबी की टीम ने देवघर रिंग रोड परियोजना से जुड़े जमीन मुआवजा मामले में भू-अर्जन कार्यालय के प्रधान लिपिक निरंजन कुमार और अनुसेवक नुनुदेव यादव को 20 हजार रुपये घूस लेते हुए गिरफ्तार किया।गिरफ्तारी के बाद कागजी प्रक्रिया पूरी कर दोनों आरोपितों को एसीबी की टीम अपने साथ दुमका ले गयी।
जानकारी के अनुसार कुंडा थाना क्षेत्र के गौरीपुर निवासी ब्रह्मदेव यादव की जमीन देवघर रिंग रोड में ली गयी है। इस जमीन के बदले उन्हें मुआवजा मिलना है।उनका आरोप है कि मुआवजा दिलाने के एवज में उनसे 20 हजार रुपये की रिश्वत मांगी गयी थी।
ब्रह्मदेव यादव ने मामले की शिकायत एसीबी दुमका से की थी। इसके बाद कांड दर्ज कर करीब एक दर्जन एसीबी अधिकारियों और कर्मियों की टीम देवघर के भू-अर्जन कार्यालय पहुंची और छापेमारी कर दोनों आरोपितों को रंगेहाथ दबोच लिया।

